मोटर दुर्घटना पीड़ितों को बड़ी राहत, ओरिएण्टल इंश्योरेंस ने 41 मामलों में तय किया 3.88 करोड़ का मुआवजा

Web Editor
3 Min Read

मोटर दुर्घटना पीड़ितों को बड़ी राहत, ओरिएण्टल इंश्योरेंस ने 41 मामलों में तय किया 3.88 करोड़ का मुआवजा

रिपोर्ट: पुष्कर चौधरी | 

देहरादून, 28 नवंबर। मोटर दुर्घटनाओं में अपनों को खोने वाले परिवारों और हादसों में घायल हुए लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाने की दिशा में दि ओरिएण्टल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक ही बैठक में 41 मोटर दुर्घटना दावा मामलों का निस्तारण किया है। शनिवार को देहरादून में आयोजित समझौता समिति की बैठक में कुल 3 करोड़ 88 लाख 60 हजार 66 रुपये की मुआवजा राशि पर आपसी सहमति बनी।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एनएस धानिक की अध्यक्षता में आयोजित मोटर तृतीय पक्ष दावा समझौता समिति (CMCSTPC) की बैठक में दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों के दावों पर सुनवाई की गई। समिति ने अलग-अलग श्रेणियों के मामलों पर विचार करते हुए आपसी सहमति से उनका निस्तारण कराया।

19 मृतकों के आश्रितों के लिए 2.91 करोड़ रुपये की सहमति

- Advertisement -
Ad imageAd image

बैठक में सबसे अधिक 19 मामले मोटर दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों से संबंधित रहे। इन मामलों में मृतकों के परिजनों के लिए कुल 2 करोड़ 91 लाख 91 हजार 6 रुपये की समझौता राशि तय की गई। वहीं, दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के 14 मामलों में 59 लाख 19 हजार 60 रुपये की राशि पर सहमति बनी।

इसके अलावा लीगल आरओ अपील श्रेणी के आठ मामलों का भी निस्तारण किया गया। इनमें 37 लाख 50 हजार रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई। इस तरह समिति ने एक ही बैठक में कुल 41 मामलों का निस्तारण करते हुए 3,88,60,066 रुपये के मुआवजे पर सहमति बनाई।

लंबी कानूनी लड़ाई से राहत दिलाना समिति का उद्देश्य

सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों को अपनों को खोने के दुख के साथ आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ता है। विशेषकर परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर आश्रितों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाता है। वहीं दुर्घटना में घायल लोगों को उपचार और पुनर्वास के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत होती है।

ऐसे में समझौता समिति के माध्यम से बीमा कंपनी और दावेदारों के बीच आपसी सहमति से मामलों का शीघ्र निस्तारण करना महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य लंबी न्यायिक प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करना और दुर्घटना पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को जल्द आर्थिक राहत उपलब्ध कराने में मदद करना है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

बैठक में समिति के मेडिकल सदस्य डॉ. वागीश काला, विधिक सदस्य आमिर खुर्शीद अहमद तथा दि ओरिएण्टल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड की उप महाप्रबंधक संतोष चौधरी भी मौजूद रहीं।

एक ही बैठक में 41 मामलों का निस्तारण और करीब 3.89 करोड़ रुपये के मुआवजे पर सहमति बनना दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *