चमोली में 3–5 मई तक ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर
खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की, राहत-बचाव दल तैनात
चमोली, 03 मई 2026 । भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद चमोली में 03, 04 और 05 मई 2026 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में क्षेत्र में ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपदवासियों एवं चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरतें।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने को कहा गया है। इसके अलावा राहत एवं बचाव दलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन इकाइयों को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी चेतावनी के तहत आमजन से सहयोग की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7055753124 पर संपर्क किया जा सकता है।



