बदरीनाथ धाम में पंच पूजाएं शुरू, पहले दिन गणेश जी के कपाट हुए बंद
16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे भगवान बदरीविशाल के कपाट
यात्रा के टूटे अब तक के सभी रिकॉर्ड, 22.70 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चमोली। देश के प्रसिद्ध चारधामों में शामिल श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी कपाटबंदी की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। धाम में पारंपरिक पंच पूजाओं के शुभारंभ के साथ ही पहले दिन भगवान गणेश जी के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। आगामी 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
इस वर्ष बदरीनाथ धाम की यात्रा ने श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले धाम में सर्वाधिक 18 लाख 40 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन का रिकॉर्ड था, लेकिन इस वर्ष 11 नवंबर तक ही 22 लाख 70 हजार 224 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि अभी यात्रा के पांच दिन शेष हैं। इन दिनों भी बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन 14 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, धाम में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है। ठंड के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बनने के साथ यात्रा के अंतिम दिनों में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ बनी हुई है।

भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वैदिक परंपराओं और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धाम में पंच पूजाओं की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रावल अंबरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयवर सेमवाल , मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, डा. हरीश गौड़ की मौजूदगी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई है।
पंच पूजा के पहले दिन सुबह भगवान गणेश की मूर्ति को उनके परिसर स्थित मंदिर से लाकर मुख्य गर्भगृह में विराजमान किया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
पंच पूजा के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया ने बताया कि दूसरे दिन शुक्रवार को आदि केदारेश्वर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। तीसरे दिन 14 नवंबर को वेद ऋचाओं का वाचन औपचारिक रूप से बंद हो जाएगा। चौथे दिन 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में प्रवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
पंच पूजा के अंतिम दिन 16 नवंबर को रात ठीक 9 बजकर 37 मिनट पर शुभ मुहूर्त में भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम की इस वर्ष की यात्रा का समापन हो जाएगा।




