जोशीमठ में फूटा जनाक्रोश: चढ़ावा विवाद के बीच अध्यक्ष को हटाने की मांग, पुतला दहन
चमोली (जोशीमठ)।
बद्रीनाथ धाम से जुड़े चढ़ावा विवाद के बीच अब जनाक्रोश सड़कों पर उतर आया है। जोशीमठ के मुख्य चौराहे पर आज स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने प्रदेश सरकार एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बद्रीनाथ के विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान सबसे प्रमुख मांग मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को पद से हटाने की रही। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक अध्यक्ष को हटाकर निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और मंदिर समिति अध्यक्ष का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना है कि मंदिर से जुड़े मामलों में लगातार अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान को लेकर कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं, जिन पर जांच समिति भी गठित की गई है। हालांकि, इस मामले में बयान और दस्तावेजों के बीच सामने आए विरोधाभास ने लोगों के संदेह को और बढ़ा दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचा रही हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें अध्यक्ष को हटाने, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके बाद प्रदर्शनकारी जोशीमठ से बद्रीनाथ धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर प्रांगण में मंदिर समिति के अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया।

फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में माहौल गर्माया हुआ है ।



