बदरीनाथ में 6 महीने तक जुटाई चरस, कपाट बंद होते ही हापुड़ भागने लगे तस्कर, 1.586 किलो खेप के साथ दो गिरफ्तार

Web Editor
4 Min Read

बदरीनाथ में 6 महीने तक जुटाई चरस, कपाट बंद होते ही हापुड़ भागने लगे तस्कर, 1.586 किलो खेप के साथ दो गिरफ्तार

पहाड़ की चरस हापुड़ में खपाने की थी तैयारी, पोखरी बैंड पर पुलिस की चेकिंग में खुला तस्करी का खेल; कार भी सीज

चमोली। बदरीनाथ धाम में छह महीने तक रहकर चरस जुटाई और फिर उसे उत्तर प्रदेश के हापुड़ में बेचने की तैयारी कर ली। लेकिन धाम के कपाट बंद होने के बाद चरस की खेप लेकर निकले दो अंतरराज्यीय तस्करों के मंसूबों पर चमोली पुलिस ने पानी फेर दिया। गोपेश्वर पुलिस ने पोखरी बैंड पर चेकिंग के दौरान एक कार से 1 किलो 586 ग्राम अवैध चरस बरामद कर हापुड़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा रुमियन कार को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर 22 नवंबर को थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पोखरी बैंड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की संदिग्ध टोयोटा रुमियन कार संख्या UP37 AA 5480 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1.586 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

बदरीनाथ में छह महीने तक जुटाई चरस, हापुड़ में बेचने का था प्लान

- Advertisement -
Ad imageAd image

पूछताछ में चरस तस्करी को लेकर अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अर्जुन सिंह पिछले करीब छह महीने से बदरीनाथ क्षेत्र में एक आश्रम निर्माण संस्था से जुड़ा हुआ था और आश्रम की देखरेख करता था। इसी दौरान उसने स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्रित की थी।

इसके बाद उसने अपने साथी विकास शर्मा को हापुड़ से बदरीनाथ बुलाया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि विकास शर्मा पहले भी एकत्रित की गई चरस को बेचने के लिए हापुड़ ले जा चुका था। दोनों कुछ दिन बदरीनाथ में साथ रहे और कपाट बंद होने के बाद 22 नवंबर को कार से हापुड़ के लिए रवाना हुए।

मुख्य हाईवे छोड़ लिंक मार्ग से निकलने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मुख्य हाईवे के बजाय चोपता होते हुए लिंक मार्ग से निकलने की फिराक में थे। हालांकि, पोखरी बैंड पर पुलिस की सघन चेकिंग के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई और दोनों चरस की खेप के साथ पकड़े गए।

हापुड़ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

- Advertisement -
Ad imageAd image

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास शर्मा (35) पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी ग्राम बाबूगढ़, माता मोहल्ला, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़ और अर्जुन सिंह (40) पुत्र सूरज पाल सिंह, निवासी 61 चक्र सेनेपुर, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी, कांस्टेबल सुनील चंद्र, कांस्टेबल रविंद्र, चालक कांस्टेबल प्रदीप कुकरेती तथा एसओजी के कांस्टेबल आशुतोष तिवारी और राजेंद्र रावत शामिल रहे।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *