हेड रेस टनल का सफल ब्रेकथ्रू: तपोवन विष्णुगाड़ परियोजना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
जोशीमठ (चमोली), 08 जुलाई 2026।
एनटीपीसी की 520 मेगावाट तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना ने हेड रेस टनल (HRT) के सफल ब्रेकथ्रू के साथ निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता फेस-02 और फेस-03 से बनाई जा रही सुरंगों के सटीक मिलान से प्राप्त हुई, जिससे दोनों ओर से खोदी जा रही टनल आपस में सफलतापूर्वक जुड़ गई।
परियोजना के तहत इस ब्रेकथ्रू के लिए फेस-02 से 1,748 मीटर और फेस-03 से 981 मीटर तक खुदाई की गई। यह उपलब्धि हेड रेस टनल जैसे जटिल और महत्वपूर्ण हिस्से के निर्माण में एक अहम पड़ाव मानी जा रही है।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार, कुल 12.1 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल में अब तक लगभग 9.7 किलोमीटर खुदाई पूरी हो चुकी है, जो कुल कार्य का करीब 80 प्रतिशत है।
हिमालयी क्षेत्र की कठिन भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों, कठोर चट्टानों और चुनौतीपूर्ण भूमिगत निर्माण के बावजूद परियोजना से जुड़े अभियंताओं और श्रमिकों ने तकनीकी दक्षता, दृढ़ संकल्प और सुरक्षा मानकों के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।

इस अवसर पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निष्पादन एजेंसी एम/एस हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (HCC) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि के लिए कार्यबल की मेहनत, तकनीकी उत्कृष्टता और सुरक्षा मानकों के पालन की सराहना की।
ब्रेकथ्रू के बाद अब टनल लाइनिंग का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने में तेजी आएगी।
परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अजय कुमार शुक्ला ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने एचआरटी टीम के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की विशेष सराहना करते हुए कहा कि एनटीपीसी सुरक्षा, गुणवत्ता और इंजीनियरिंग के उच्चतम मानकों के साथ परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह उपलब्धि स्वच्छ और हरित ऊर्जा उत्पादन के जरिए देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।



