सबके साथ एक जैसा व्यवहार करना ही बना एसपी सुरजीत सिंह पंवार की पहचान, लेकिन यही अंदाज कुछ लोगों को नहीं आया रास।

Web Editor
8 Min Read

सबके साथ एक जैसा व्यवहार करना ही बना एसपी सुरजीत सिंह पंवार की पहचान, लेकिन यही अंदाज कुछ लोगों को नहीं आया रास।

न झूठ-फरेब, न चापलूसी और न कुर्सी का रौब… जो कहना है, सामने और साफ कहना है। चमोली में एक साल से अधिक के कार्यकाल में आपदा से लेकर चारधाम यात्रा तक निभाई अहम जिम्मेदारी। डीएम-एसपी की जोड़ी ने भी छोड़ी अलग छाप, विदाई पर छलका पुलिस परिवार और आमजन का अपनापन।

चमोली। कुछ अधिकारी अपनी कुर्सी के दम पर पहचान बनाते हैं, कुछ अपने रसूख से और कुछ ऐसे होते हैं जो अपने काम, व्यवहार और स्पष्टवादिता से लोगों के दिलों में जगह बना लेते हैं। आईपीएस सुरजीत सिंह पंवार भी ऐसे ही अधिकारियों में शुमार रहे। उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत रही कि उनके सामने पहुंचने वाला व्यक्ति किसी राजनीतिक दल, संगठन या रसूख के तराजू पर नहीं तौला जाता था। सबके साथ एक जैसा व्यवहार, बातों में स्पष्टता और काम में नियमों को प्राथमिकता देना उनकी पहचान रही।

लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी रही कि उनका यही निष्पक्ष और बेबाक अंदाज सत्ता पक्ष से जुड़े कुछ संगठनों और छुटभैया नेताओं को रास नहीं आ रहा था। हर किसी की बात पर हामी न भरना, अनावश्यक दबाव में काम न करना और सभी के साथ समान व्यवहार रखना कुछ लोगों की नाराजगी की वजह माना जाता रहा। हालांकि उनके स्थानांतरण के पीछे यही वजह रही, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। लेकिन उनके कार्यकाल और स्थानांतरण को लेकर उठ रही चर्चाओं ने इस पहलू को भी चर्चा में ला दिया है।

चमोली में चुनौतियों के बीच बनाई अलग पहचान

- Advertisement -
Ad imageAd image

29 अक्टूबर 2025 को आईपीएस सुरजीत सिंह पंवार ने चमोली पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उनका सामना एक के बाद एक बड़ी चुनौतियों से हुआ। तमक नाला-मलारी की भीषण आपदा हो या पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हादसा, उन्होंने संकट के समय दफ्तर में बैठकर केवल निर्देश देने के बजाय खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। मुश्किल हालात में अपनी टीम के साथ खड़े रहना उनके नेतृत्व की खासियत रही।

ऐतिहासिक मां नंदा राजजात यात्रा के सफल संचालन से लेकर चारधाम यात्रा 2026 तक उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती रहीं। बदरीनाथ धाम में 23.50 लाख से अधिक और हेमकुंड साहिब में 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यानी कुल 27.40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालना चमोली पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। दुर्गम पहाड़, संकरे रास्ते, मौसम की मार और श्रद्धालुओं का भारी दबाव, इन सबके बीच पुलिस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा।

डीएम-एसपी की जोड़ी ने भी छोड़ी अलग छाप

- Advertisement -
Ad imageAd image

चमोली में उनके कार्यकाल की एक और खास बात जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के बीच देखने को मिला बेहतर प्रशासनिक तालमेल रहा। जिले में पहली बार ऐसा नजारा देखने को मिला, जब प्रशासनिक और पुलिस महकमे के दोनों प्रमुख अधिकारी जिले की चुनौतियों और व्यवस्थाओं को लेकर एक साथ खड़े नजर आए।

- Advertisement -
Ad imageAd image

जिले के विकास कार्य हों या फिर चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं, दोनों अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाईं। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दोनों अधिकारी लगातार सक्रिय रहे। किसी भी चुनौती के समय प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल दिखाई दिया। यह तालमेल केवल सरकारी बैठकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरत पड़ने पर दोनों अधिकारी मैदान में भी साथ नजर आए।

जिले के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर दोनों अधिकारियों की सक्रियता और आपसी समन्वय ने एक बेहतर प्रशासनिक टीम की तस्वीर पेश की। ऐसे में सुरजीत सिंह पंवार के स्थानांतरण के साथ इस प्रशासनिक तालमेल की भी चर्चा हो रही है।

विवादों में भी नहीं खोया संयम

कर्णप्रयाग में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उपजे संवेदनशील विवाद के दौरान भी उन्होंने संवाद और सूझबूझ को प्राथमिकता दी। इसके अलावा नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों पर कार्रवाई, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा सीमांत गांवों तक पुलिस की पहुंच बनाने के प्रयासों में भी उनकी भूमिका रही।

उत्तरकाशी की मिट्टी में जन्मे सुरजीत सिंह पंवार ने स्कूली शिक्षा के बाद देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से उच्च शिक्षा प्राप्त की। मिलनसार स्वभाव, साफगोई और बिना दिखावे के काम करने का अंदाज उनकी अलग पहचान रहा। वे उन अधिकारियों में नहीं रहे जिन्हें हर समय अपने पद और रुतबे का एहसास कराना जरूरी लगता हो। लेकिन जहां नियम और जिम्मेदारी की बात आई, वहां उन्होंने अपने तरीके से फैसले भी लिए।

विदाई में दिखा कुर्सी से बड़ा कद

अब पुलिस मुख्यालय देहरादून स्थानांतरण के बाद गोपेश्वर में आयोजित विदाई समारोह में जिस तरह पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की आत्मीयता दिखाई दी, उसने उनके कार्यकाल की एक अलग तस्वीर सामने रखी। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने साथ बिताए अनुभव साझा किए। शहर के प्रबुद्ध लोगों और समाजसेवियों की मौजूदगी ने भी विदाई को भावुक बना दिया।

दरअसल, किसी अधिकारी के जाने के बाद उसके अधीनस्थ कर्मचारियों की आंखों में सम्मान और आमजन के मन में अपनापन दिखाई देना अपने आप में बहुत कुछ कहता है।

सवाल कुर्सी का नहीं, कार्यशैली का है

लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक संगठनों का अपना महत्व है, लेकिन प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से अपेक्षा यही रहती है कि वे किसी दल, संगठन या व्यक्ति के बजाय कानून और संविधान के अनुरूप काम करें। किसी अधिकारी का सभी के साथ समान व्यवहार करना उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता का परिचायक होना चाहिए।

सुरजीत सिंह पंवार का चमोली से जाना एक सामान्य प्रशासनिक स्थानांतरण है, लेकिन उनके कार्यकाल को लेकर उठ रही चर्चाएं एक सवाल जरूर छोड़ती हैं—क्या आज के दौर में नियमों के मुताबिक काम करने और राजनीतिक दबाव से दूर रहने वाले अधिकारी सभी को स्वीकार्य हैं?

कुर्सियां आती-जाती रहती हैं, तैनाती बदलती रहती हैं, लेकिन अधिकारी की असली पहचान उसके जाने के बाद लोगों के मन में बचा सम्मान होता है। सुरजीत सिंह पंवार के चमोली कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यही रही कि उन्होंने वर्दी का रौब दिखाने के बजाय अपने व्यवहार से अपनी पहचान बनाई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *