दून विश्वविद्यालय में दो दिवसीय रंगमंच कार्यशाला, विद्यार्थियों ने सीखी अभिनय की बारीकियां

Web Editor
4 Min Read

दून विश्वविद्यालय में दो दिवसीय रंगमंच कार्यशाला, विद्यार्थियों ने सीखी अभिनय की बारीकियां

देहरादून। दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय रंगमंच कार्यशाला में विद्यार्थियों ने अभिनय और रंगमंच की विभिन्न बारीकियों को व्यावहारिक रूप से समझा। कार्यशाला में भारतेंदु नाटक अकादमी, लखनऊ के रंगकर्मी एवं प्रशिक्षक अक्षय मिश्रराम ने विद्यार्थियों को रंगमंच की विभिन्न प्रक्रियाओं और अभिनय के प्रयोगात्मक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें शुभम, अनिता, वैशाली, महक, कनिका और सुमित सहित वे विद्यार्थी भी शामिल रहे, जो थिएटर विषय का अध्ययन कर रहे हैं।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना रहा कि रंगमंचीय प्रस्तुति केवल मंच पर अभिनय तक सीमित नहीं है। कथा-वाचन, अभिनेता की तैयारी, दृश्य निर्माण, मंचीय स्थान, समूह-समन्वय और प्रस्तुति की पूरी प्रक्रिया रंगमंच के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।

- Advertisement -
Ad imageAd image

कार्यशाला में सैद्धांतिक जानकारी के बजाय ‘करके सीखने’ की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न रंगमंचीय गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को शरीर, आवाज, भाव, मंचीय स्थान और सह-अभिनेताओं के प्रति सजग रहने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को समूह में काम करने और अपनी रचनात्मक ऊर्जा को मंचीय अभिव्यक्ति में बदलने के तरीके भी सिखाए गए।

कार्यशाला का पहला दिन अभिनेता की तैयारी पर केंद्रित रहा। विद्यार्थियों ने आंगिक एवं वाचिक अभिनय, संवाद अदायगी, शारीरिक सजगता और मानसिक एकाग्रता से जुड़े विभिन्न अभ्यास किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने समझा कि अभिनेता के लिए शरीर और आवाज केवल अभिनय के माध्यम नहीं, बल्कि प्रभावी अभिव्यक्ति के महत्वपूर्ण उपकरण हैं।

दूसरे दिन प्रदर्शन और प्रदर्शन प्रक्रिया को केंद्र में रखा गया। विद्यार्थियों को दृश्य-बिंब तैयार करने, कथा को मंच पर विकसित करने और समूह के साथ मिलकर प्रस्तुति तैयार करने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। इस दौरान डिवाइस थिएटर की अवधारणा और उसके प्रयोगात्मक पक्ष को भी समझाया गया।

प्रशिक्षक अक्षय मिश्रराम ने विद्यार्थियों को रंगमंच के मूल तत्वों—पटकथा, अभिनेता और मंच—के आपसी संबंध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावी रंगमंचीय प्रस्तुति इन सभी तत्वों के बेहतर सामंजस्य से आकार लेती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मंच, सह-कलाकारों और ऐन्सेम्बल के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपनी सहज रचनात्मक ऊर्जा को प्रभावी मंचीय अभिव्यक्ति में बदलने के लिए प्रेरित किया।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि रंगमंच कार्यशाला विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रंगमंच विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने के साथ-साथ सामूहिक रूप से कार्य करने की सीख भी देता है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

विश्वविद्यालय के निदेशक, आईक्यूएसी प्रो. एच.सी. पुरोहित ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से विद्यार्थियों को अभिनय के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व का व्यावहारिक अनुभव मिलता है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. आर.पी. ममगाईं, प्रो. एच. हर्ष डोभाल, प्रो. चेतना पोखरियाल, डॉ. स्वाति बिष्ट, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. अजीत पंवार और डॉ. कैलाश कंडवाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और रचनात्मक पहल बताया।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *