कुंभ तैयारियां तेज़, मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे हों और उनकी गुणवत्ता अच्छी रहे, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।शुक्रवार को गढ़वाल मंडलायुक्त आनन्द स्वरूप हरिद्वार पहुंचे और कुंभ मेले से जुड़े कई निर्माण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

सबसे पहले उन्होंने धनौरी–सिडकुल मार्ग पर बन रहे पुल का जायजा लिया। यह पुल पथरी रौ नदी पर बनाया जा रहा है, जिसकी लंबाई 90 मीटर है। इस पर करीब 16.59 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।अधिकारियों ने बताया कि पुल के लिए 36 स्तंभ बनाए जाने हैं, जिनमें से 33 लगभग तैयार हो चुके हैं। बाकी काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल का ऊपरी ढांचा तैयार किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि पुल का निर्माण तय समय में पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने काम की गुणवत्ता पर भी खास ध्यान देने को कहा।इसके बाद उन्होंने धनौरी–सिडकुल सड़क के चौड़ीकरण और डामरीकरण के काम का भी निरीक्षण किया। करीब 8.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए 6.53 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क का बेस तैयार कर लिया जाए और बारिश खत्म होते ही डामरीकरण का काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी और सुरक्षित सड़कें बहुत जरूरी हैं।

मंडलायुक्त ने साफ कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी काम सरकार की प्राथमिकता में हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



