BRO फंड गबन मामला: CBI की बड़ी कार्रवाई, 11 राज्यों के 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
देहरादून। सीमा सड़क संगठन (BRO) में सरकारी धन के कथित गबन और अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई में उत्तराखंड भी शामिल रहा।
CBI के अनुसार यह छापेमारी जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में की गई। मामला लद्दाख स्थित BRO के प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट वोजक में कैजुअल मजदूरों की तैनाती और उनके नाम पर किए गए भुगतान में गंभीर अनियमितताओं से जुड़ा है।

जांच में सामने आया है कि फर्जी कैजुअल मजदूरों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। रक्षा मंत्रालय की शिकायतों और BRO की आंतरिक जांच के बाद इस मामले में चार एफआईआर दर्ज की गई हैं।
CBI ने बताया कि इन मामलों में सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भी केस दर्ज किए गए हैं।
एफआईआर में BRO के 10 अधिकारियों, जिनमें लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर स्तर के अधिकारी शामिल हैं, के साथ कुछ निजी व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है।
छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। CBI का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



