जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 27 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

Web Editor
3 Min Read

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 27 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 27 लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में ग्राम जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के दौरान उनकी पत्नी का नाम दर्ज होने और पत्नी की मृत्यु के बाद आवास योजना का लाभ उनके नाम किए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करने तथा खंड विकास अधिकारी कर्णप्रयाग को गांव में जाकर प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्रता पूरी होने पर नियमानुसार आवास योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाए।

- Advertisement -
Ad imageAd image

रौली निवासी अनिल रावत ने स्वरोजगार के लिए विद्यालय भवन उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सिरौं निवासी विजय सिंह रावत ने लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को उसी दिन NOC जारी कर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

चेपड़ो निवासी देवेंद्र सिंह रावत ने चैन लिंक फेंसिंग की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं डुमक निवासी राजेंद्र सिंह भंडारी ने वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने प्रकरण के समाधान के लिए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी, वन विभाग, पीएमजीएसवाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सगर निवासी हरीश रावत, गौणा निवासी गजेंद्र सिंह रावत, तपोवन निवासी कस्तूरा देवी, रोपा निवासी बंशी लाल समेत अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोग मौजूद रहे।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *