वीपीएचईपी में हिंदी दिवस समारोह के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

Web Editor
3 Min Read

वीपीएचईपी में हिंदी दिवस समारोह के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

पीपलकोटी, चमोली। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) में सोमवार को हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसी के साथ परियोजना में 14 से 30 सितंबर तक चलने वाले हिंदी पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि आर.पी. मिश्रा, महाप्रबंधक (बांध), आर.एस. राणा, महाप्रबंधक (विद्युत यांत्रिक) तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम के प्रारंभ में अविनाश कुमार, सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) एवं राजभाषा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) ने अतिथियों और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का स्वागत किया।

उन्होंने हिंदी दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

मुख्य अतिथि आर.पी. मिश्रा ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग का हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेश उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता को मजबूत करने वाली भाषा है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, टिप्पणियों, पत्राचार एवं अन्य आधिकारिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक (विद्युत यांत्रिक) आर.एस. राणा ने भी सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रसिद्ध कविता “जो भरा नहीं है भावों से…” की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए हिंदी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और संवेदनशीलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके व्यवहारिक प्रयोग से होती है और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का सहज एवं निरंतर प्रयोग इसके विकास को गति देता है।

हिंदी पखवाड़े में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

हिंदी पखवाड़े के तहत कार्मिकों की रचनात्मकता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को हिंदी अनुवाद प्रतियोगिता, 16 सितंबर को नोटिंग-ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता, 18 सितंबर को राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी, 22 सितंबर को शुद्ध लेख एवं शुद्ध वाक्यांश प्रतियोगिता और 23 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इसके अलावा 24 सितंबर को हिंदी कार्यशाला और 25 सितंबर को हिंदी कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। हिंदी पखवाड़े का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण 30 सितंबर 2026 को होगा।

- Advertisement -
Ad imageAd image

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर बी.एस. पुंडीर, अपर महाप्रबंधक (नियोजन/सुरक्षा), अजय कुमार, अपर महाप्रबंधक (जीएंडजी), शरद चंद्र भट्ट, उप महाप्रबंधक (गुणवत्ता), कमल नौटियाल, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *