चमोली में 30,242 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, पहले दिन 24,705 तक पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें

Web Editor
3 Min Read

चमोली में 30,242 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, पहले दिन 24,705 तक पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें

राज्य स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का गोपेश्वर से शुभारंभ, शेष बच्चों तक पहुंचने के लिए घर-घर जाएगा स्वास्थ्य विभाग

चमोली। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चमोली जनपद में रविवार से पल्स पोलियो अभियान-2026 की शुरुआत हो गई। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. विकास शर्मा ने नौनिहालों को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान के पहले ही दिन जनपद में 24,705 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जबकि शेष 5,537 बच्चों को अभियान के अगले दो चरणों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी। इस तरह जिले में कुल 30,242 बच्चों को अभियान के तहत कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

मुख्य विकास अधिकारी ने अभिभावकों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि इस बार उत्तराखंड में पल्स पोलियो अभियान चमोली समेत नैनीताल, टिहरी और पौड़ी जनपदों में संचालित किया जा रहा है।

601 बूथों पर तैनात रही स्वास्थ्य विभाग की टीम

चमोली में अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की थीं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्णा के अनुसार, जिले में 601 पोलियो बूथ और पांच ट्रांजिट बूथ बनाए गए थे। अभियान के संचालन के लिए 92 पर्यवेक्षकों और 1,818 बूथ कर्मियों की तैनाती की गई थी।

स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ अभियान के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

- Advertisement -
Ad imageAd image

कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीपक नेगी, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी रचना, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नरेंद्र सिंह, जिला आईईसी एवं मीडिया समन्वयक उदय सिंह रावत, जिला कोल्ड चेन मैनेजर महेश देवराड़ी, फील्ड सुपरवाइजर विपिन मालगुड़ी और डाटा एंट्री ऑपरेटर आस्था तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *