केदारनाथ में मध्य प्रदेश की युवती से दरोगा ने की छेड़छाड़, निलंबित…

Web Editor
3 Min Read

केदारनाथ में मध्य प्रदेश की युवती से दरोगा ने की छेड़छाड़

एक वर्ष पूर्व की घटना, जांच के बाद चौकी इंचार्ज समेत दो पर मुकदमा, निलंबित

बाबा केदार के दर्शन को आई इंदौर (मध्य प्रदेश) की युवती से केदारनाथ पुलिस कैंप में छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। कैंप में तैनात एक दारोगा पर यह शर्मनाक हरकत करने का आरोप है। युवती ने केदारनाथ पुलिस चौकी इंचार्ज पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। एक वर्ष पहले हुई इस घटना में दो समितियों की जांच के बाद सोनप्रयाग कोतवाली में दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही दोनों को निलंबित कर दिया गया है।

युवती के अनुसार, घटना पिछले वर्ष 25 मई की है। तब वह आठ साथियों के साथ केदारनाथ धाम आई थी। मंदिर में दर्शन के बाद युवती के साथी हेली सेवा से लौट गए। वह लौटने के लिए अगले फेरे का इंतजार कर रही थी, तभी मौसम खराब हो गया और हेली सेवा बंद हो गई। इस कारण युवती धाम में ही रह गई। वहां ठहरने का प्रबंध नहीं होने पर किसी परिचित की मदद से उसने केदारनाथ पुलिस चौकी इंचार्ज मंजुल रावत से संपर्क किया। चौकी इंचार्ज ने यह कहकर

पुलिस कैंप में ठहरा दिया कि रात में एक महिला सिपाही साथ रहेगी। युवती का आरोप है कि रात में कोई महिला सिपाही नहीं आई। उल्टे कैंप में तैनात दारोगा कुलदीप सिंह शराब के नशे में उसके पास पहुंचा और छेड़छाड़ करने लगा। अगले दिन वह इंदौर लौट गई और वहां से वाट्सएप के जरिये एसपी रुद्रप्रयाग से शिकायत की। एसपी ने जांच के लिए सीओ गुप्तकाशी के नेतृत्व में समिति गठित की, जिसने कुछ दिनों बाद जांच बंद कर दी। इसके बाद युवती ने अक्टूबर 2023 में सीएम हेल्पलाइन उत्तराखंड पर शिकायत की। वहां से जांच का निर्देश मिलने पर पिछले दिनों एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पुलिस मुख्यालय को जांच रिपोर्ट सौंप दी, जिसमें आरोपित दारोगा कुलदीप सिंह और मंजुल रावत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर 28 जून 2024 को सोनप्रयाग कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!