ठिठुरते लोग, भीगती कतारें: चमोली में गैस के लिए घंटों इंतज़ार

Web Editor
2 Min Read

ठिठुरते लोग, भीगती कतारें: चमोली में गैस के लिए घंटों इंतज़ार

5 हजार बुकिंग और DAC नंबर के बावजूद डिलीवरी ठप, गोपेश्वर में गैस के लिए हजारों उपभोक्ता इंतज़ार में

चमोली। जनपद में मौसम की मार के बीच आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जोशीमठ क्षेत्र में तड़के सुबह से हो रही लगातार बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े नजर आ रहे हैं। भीगते हुए उपभोक्ता घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं, लेकिन राहत नहीं मिल पा रही है।

वहीं चमोली मुख्यालय गोपेश्वर स्थित गढ़वाल मंडल की इंडियन गैस एजेंसी का हाल भी कुछ अलग नहीं है। जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में अकेले करीब 5 हजार उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग हो चुकी है और उन्हें DAC नंबर भी मिल चुका है, लेकिन इसके बावजूद समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है। लोग कई दिनों से अपने नंबर का इंतजार कर रहे हैं।

बारिश और ठंड के बीच छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों और स्कूल के छात्रों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग सुबह-सुबह ही लाइन में लग जा रहे हैं, ताकि उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी निराशा हाथ लग रही है।

स्थिति केवल गोपेश्वर या जोशीमठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जनपद के अन्य गैस एजेंसियों में भी यही हाल बना हुआ है। लगातार बढ़ती मांग और आपूर्ति में देरी के चलते उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि खराब मौसम के बीच लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!