मुख्यमंत्री धामी सख्त: कानून व्यवस्था छोड़ जमीन सौदों में उलझे अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

Web Editor
2 Min Read

मुख्यमंत्री धामी सख्त: कानून व्यवस्था छोड़ जमीन सौदों में उलझे अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एक उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस महकमे पर कड़ा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस का मूल कार्य कानून व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन कई स्थानों पर SHO और CO स्तर के अधिकारी इससे भटककर जमीन खरीद–फरोख्त जैसे प्रकरणों में उलझे हुए हैं, जो बेहद गंभीर विषय है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने DGP सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को चेताया कि सुस्ती नहीं, सख्ती से काम किया जाए और केवल फाइलों तक सीमित न रहकर धरातल पर निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री की नाराज़गी हाल की गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर भी देखने को मिली।

ऋषिकेश में एक महिला की हत्या और देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में एक युवती की गला रेतकर हत्या जैसी घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं आम जनता में भय का माहौल पैदा करती हैं और यह पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रश्नचिह्न हैं।

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय को चाहिए कि वह फील्ड में सक्रिय रहकर संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखे और अपराधियों पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करे।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि यदि पुलिस अपने मूल दायित्व में लापरवाही बरतती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई तय है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!