
चमोली : थराली क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग, 20 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र चपेट में
चमोली। जिले के थराली बद्रीनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत मध्य पिंडर रेंज में चेपड़ों और सौगांव गांव के जंगलों में भीषण आग लग गई है। आग तेजी से फैलते हुए चेपड़ों, खाड़ीबगड़, सौगांव, जूनिधार और गोठिंडा के जंगलों तक पहुंच गई है।

आग के कारण चेपड़ों गांव की गौशालाओं पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं ऊपरी क्षेत्र में आग की लपटें जूनिधार गांव तक पहुंच गई हैं। अब तक करीब 20 हेक्टेयर से अधिक जंगल आग की चपेट में आ चुका है। बताया जा रहा है कि आग की धधक करीब 50 मीटर तक महसूस की जा रही है और चीड़ के जंगलों में आग की लपटें लगभग 20 फीट तक ऊंची उठ रही हैं।
आग लगने से जलते हुए पेड़ और पत्थर थराली–देवाल स्टेट हाईवे पर भी गिर रहे हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
मध्य पिंडर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर जुटी हुई है। हालांकि रात होने, खड़ी चट्टानों और लगातार गिरते पत्थरों व जलती लकड़ियों के कारण आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस भीषण आग में कई छोटे-बड़े पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो चुके हैं और जंगलों में रहने वाले वन्य जीवों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में लगातार जुटी हुई है।



