
डंपर-कार की भिड़ंत में चार पर्यटक घायल, एम्स रेफर
चमोली : ज्योतिर्मठ-औली मोटर मार्ग पर फॉरेस्ट कॉलोनी के पास डंपर और पर्यटकों से भरी कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ से एक परिवार औली घूमने आया था और वापस ज्योतिर्मठ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे सामान से लदे डंपर से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में कार में सवार छह लोगों में से चार—अख्तर (कार चालक), उनकी पत्नी सना, बेटी आयत और सावान—गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल ताल कटोरा रोड के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत ज्योतिर्मठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। वहीं कार में सवार एक अन्य महिला और एक बच्ची को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।



